आजादी के सूत्रधार तुम ;
नेता पदवी से अभिभूषित |
अमर हो चले प्राणाहुति कर,
निज मातृभूमि को अर्पित ||
अथक कर्मरत, अविरत जाग्रत,
बहुबिधि, अथ - इति के ज्ञाता |
समग्र राष्ट्र अब तुमसे उपकृत,
कर्ण- सदृश, अप्रतिम दाता ||
स्थितिप्रज्ञ, कर्म योगी भी ,
अखंड राष्ट्र के निर्माता हो |
आजादी के महानायक थे ,
भारत के भाग्य विधाता हो ||
प्रथम वीर नायक थे तुम,
स्व -राष्ट्र प्रेम से सपन्दित |
खून के बदले आजादी' की,
खातिर तन मन की अर्पित ||
आजादी के अधिनायक भी,
नव भारत के तुम निर्माता |
समग्र राष्ट्र है तुमसे उपकृत,
पा तुम्हे धन्य है भारत माता ||
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें